महाराष्ट्र : फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘डॉन-3’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। यह फ्रेंचाइजी पहले ही दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही है, और अब खबरें आ रही हैं कि इसमें शाहरुख खान की वापसी हो सकती है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहान अख्तर और शाहरुख खान के बीच इस फिल्म को लेकर दोबारा बातचीत शुरू हो चुकी है।
Highlights:
शाहरुख और एटली की जोड़ी ब्लॉकबस्टर
बताया जा रहा है कि शाहरुख खान ने फिल्म में लौटने के संकेत दिए हैं, लेकिन उन्होंने एक शर्त रखी है। उनकी इच्छा है कि ‘जवान’ के निर्देशक एटली इस फिल्म का निर्देशन करें। शाहरुख और एटली की जोड़ी पहले ही ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है, इसलिए अभिनेता चाहते हैं कि वही जादू ‘डॉन-3’ में भी देखने को मिले। फरहान अख्तर के सामने यह प्रस्ताव रखा गया है, और अब मेकर्स इस पर विचार कर रहे हैं।
फरहान अख्तर पिछले करीब तीन साल से ‘डॉन-3’ पर काम कर रहे हैं, लेकिन कास्टिंग को लेकर फिल्म बार-बार अटक रही है। शुरुआत में इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह को चुना गया था, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि उनकी कुछ मांगों के कारण उन्हें हटाया गया था।
इसके बाद फिल्म के लिए ऋतिक रोशन को भी ऑफर दिया गया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बताया जा रहा है कि ऋतिक फिलहाल ‘कृष-4’ पर काम कर रहे हैं और उनके पास कई बड़ी फिल्मों के प्रोजेक्ट हैं, इसलिए उनके पास समय नहीं है।
शाहरुख खान की ‘डॉन-3’ में वापसी
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या शाहरुख खान सच में ‘डॉन-3’ में वापसी करेंगे और क्या एटली इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगे। अगर ऐसा हुआ तो यह फिल्म बॉलीवुड की सबसे बड़ी और चर्चित फिल्मों में से एक बन सकती है। दर्शक भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी का अगला अध्याय कैसा होगा।


