रांची : मुख्यमंत्री आवासीय कार्यलय, कांके रोड में शुक्रवार को तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी, जिसमें दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सोहार्दपूर्ण चर्चा हुई।

मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने मुख्यमंत्री को हैदराबाद में 8 और 9 दिसंबर को होने वाले ‘तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट’ में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। यह समिट निवेश, विकास और विभिन्न राज्यों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

बैठक के दौरान तेलंगाना और झारखंड के बीच आपसी सहयोग, विकास मॉडल और प्रशासनिक अनुभव साझा करने पर भी बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से न केवल आर्थिक अवसर बढ़ेंगे, बल्कि नीतिगत स्तर पर भी सहयोग मजबूत होगा। इस मुलाकात के समय झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपमुख्यमंत्री विक्रमार्क का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे संवाद आपसी समझ और विकास के नए रास्ते खोलते हैं। उन्होंने समिट के निमंत्रण के लिए धन्यवाद भी दिया। मुलाकात को दोनों राज्यों के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


