महाराष्ट्र : ट्रेन के AC कोच में सफर कर रही एक महिला का इलेक्ट्रिक केतली में नूडल्स बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद सेंट्रल रेलवे ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि इस तरह की गतिविधि रेलवे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है, और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
Highlights:
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो 20 नवंबर को रिकॉर्ड किया गया था और इसे सबसे पहले सरिता लिंगायत नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से पोस्ट किया गया। पोस्ट होते ही यह वीडियो वायरल हो गया और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई और इस घटना को यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरनाक बताया।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल में देखा जा सकता है कि AC कोच में सफर कर रही महिला अपनी सीट के पास रखी इलेक्ट्रिक केतली में नूडल्स तैयार कर रही है। केतली को उन्होंने ट्रेन के सॉकेट से जोड़कर इस्तेमाल किया, जबकि यह पूरी तरह से नियमों के ख़िलाफ है। रेलवे नियमों के तहत कोच में किसी भी प्रकार के एलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों का उपयोग करना जोखिम और शॉर्ट सर्किट के खतरे के कारण प्रतिबंधित है।
सख्त कार्रवाई होगी
सेंट्रल रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि कोच के अंदर इलेक्ट्रिक केतली का इस्तेमाल न केवल नियम तोड़ने जैसा है, बल्कि इससे आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि घटना में शामिल यात्रियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस प्रकार के मामलों में रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना, पेनाल्टी और यात्रा पर रोक तक लग सकती है।
वीडियो पर लोगों ने रेलवे व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। कई यूजर्स ने टिप्पणी की कि AC कोच में इस तरह इलेक्ट्रिक उपकरण का इस्तेमाल गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वायरल होने के बाद रेलवे को ऐसे नियमों के पालन के लिए और कड़े कदम उठाने चाहिए।


