देश : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एनडीए की नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई दी है. पीएम मोदी ने नीतीश को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई. वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं. राज्य में सुशासन का उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है. नए कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं!”
Highlights:
सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के लिए पीएम मोदी ने लिखा, “सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बिहार के उप मुख्यमंत्री बनने पर ढेरों बधाई. जमीनी स्तर पर दोनों नेताओं के पास जनसेवा का लंबा अनुभव है.” वहीं अन्य मंत्रियों के लिए पीएम मोदी ने पोस्ट किया, “बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को मेरी हार्दिक बधाई. समर्पित नेताओं की यह एक ऐसी शानदार टीम है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी.”

तेजस्वी यादव ने भी दी बधाई
राजद नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार को 10वीं बार सीएम बनने पर बधाई दी है. एक्स पर लिखे बधाई संदेश में उन्होंने लिखा, “आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई. मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आशा है नई सरकार ज़िम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर कर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी और बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी.”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दी बधाई
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार को बधाई दी है. हालांकि, नीतीश कुमार को बधाई देने के साथ ही पवन खेड़ा ने कहा, “उम्मीद करते हैं उनके साथ धोखा न हो, वो अपना कार्यकाल पूरा कर पाएं और बिहार के लिए जो पिछले 20 साल में नहीं हुआ, उसमें से कम से कम कुछ तो कर पाएं.”

राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई
आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने बधाई संदेश में कहा, “हम बहुत खुश हैं. एनडीए ने चुनावों में जीत हासिल की है…बिहार भी भविष्य में बहुत तरक्की करेगा.” वहीं उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मैं नीतीश कुमार और मंत्रिमंडल में सभी लोगों को बधाई देता हूं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार बनी है.”
Also Read : झारखंड हाईकोर्ट ने रिम्स में कार्यों पर झालसा से 10 दिनों में मांगी रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश के लोगों की तरफ़ से मैं बिहार में नई सरकार को बधाई देता हूं. आज हम यहां जो देख रहे हैं, वो नीतीश कुमार के अनुभव और डबल इंजन सरकार के सार्थक प्रयासों का नतीजा है. मैं नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और आज शपथ लेने वाली नई कैबिनेट को बधाई देता हूं.”


