रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के द्वारा रविवार को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) की प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन किया गया है. राजधानी रांची में परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली है. इसके साथ ही जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें करीब 7 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा 2 पालियों में आयोजित की गई है. जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर के 12 बजे तक चलेगी, वहीं दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम के 5 बजे तक संचालित की जाएगी. परीक्षा के कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है.
Highlights:
केंद्रों में 200 मीटर तक निषेधाज्ञा लागू
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के आदेश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी की जा सके. इस बीच सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों में 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है. यह आदेश रविवार सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा. प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं है.
इसे भी पढ़े: झारखंड में अगले 5 दिनों तक आंधी-बारिश और वज्रपात की संभावना, धनबाद में येलो अलर्ट जारी
परीक्षा केंद्रों में शामिल
निषेधाज्ञा के अनुसार, 5 से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई है. इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र या पारंपरिक हथियार लेकर चलने तथा सभा या बैठक आयोजित पर भी प्रतिबंध रहेगा. इस बीच सरकारी कार्य के अधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को इसमें छूट दी गई है. रांची के परीक्षा केंद्रों में डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, डीएवी नंदराज मॉडर्न स्कूल, फिरायालाल पब्लिक स्कूल, मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल, बर्लिन पब्लिक स्कूल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कांके और बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी समेत अन्य संस्थान शामिल हैं.
अभ्यर्थियों से अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाए.




