नई दिल्ली : दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलअजाइब में शनिवार शाम को हुए हादसे को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीएम रेखा गुप्ता ने इस हादसे को लेकर अधिकारियों से राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : दक्षिणी दिल्ली में पांच मंज़िला इमारत ढही, मेडिकल की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका
मामले में होगी मैजिस्ट्रेट जांच
वहीं इस मामले को लेकर महरौली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) के नेतृत्व में मजिस्ट्रियल जांच के भी आदेश दिए हैं। इसके अलावा, अधिकारियों को आस-पास की टूटी-फूटी और खतरनाक इमारतों की जांच करने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। बता दें कि सैदुलअजाइब में शनिवार को हुए एक पांच मंजिला इमारत ढहने की घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य एम्स में इलाजरत हैं।
हादसे में अब तक 4 की मौत
एम्स और सफदरजंग अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मरने वालों की संख्या चार हो गई। यह सभी अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए थे। एम्स में कुल 11 घायल लाए गए थे, इनमें तीन की मौत हो गई। 8 में से तीन को डिस्चार्ज कर दिया गया है, पांच घायलों का इलाज चल रहा है।
रिकॉर्ड के मुताबिक, एक मरीज मदन मोहन मालवीय हॉस्पिटल से रेफर होने के बाद सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती हुआ था। मरीज को मृत अवस्था में लाया गया था। इस घटना से जुड़ा कोई दूसरा मरीज अब तक सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय इमारत व आसपास कुछ विदेशी छात्रों सहित 70-80 लोग मौजूद थे। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि अब एक-दो लोग ही फंसे हो सकते हैं।


