Tuesday, October 6, 2026

UP Rajya Sabha Election 2026: धनराज नथवानी और श्रुति गंगवार समेत सभी 10 प्रत्याशियों की जीत तय, BJP के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार निर्विरोध जाएंगे राज्यसभा

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। UP Rajya Sabha Election में इन सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी यानी BJP ने 8 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी यानी SP की ओर से 2 प्रत्याशी मैदान में हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने के संकेत के बाद अब चुनावी मुकाबले की स्थिति खत्म हो गई है। ऐसे में बीजेपी के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों का निर्विरोध राज्यसभा पहुंचना तय है।

इन 10 नामों में दो नाम खास तौर पर झारखंड से जुड़े हुए हैं। बीजेपी ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को यूपी से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने उद्योग जगत से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है। धनराज, राज्यसभा सांसद और उद्योग जगत से जुड़े रहे परिमल नथवानी के बेटे हैं।

यूपी से राज्यसभा की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 विधायक हैं और राज्यसभा की इन 10 सीटों के लिए विधायकों के वोटों का गणित महत्वपूर्ण था। बीजेपी ने आठ उम्मीदवारों को मैदान में उतारा, जबकि सपा ने रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया।

सपा की ओर से UP Rajya Sabha Election में तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने की चर्चा थी, लेकिन मंगलवार को अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट से स्थिति स्पष्ट हो गई। उन्होंने लिखा कि ‘तीन नहीं हमारी निगाह 403 पर है।’ इसके बाद साफ हो गया कि सपा तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी।

तीसरा उम्मीदवार नहीं आने के साथ ही अब किसी तरह के मतदान की जरूरत नहीं रह गई है। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी 10 उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा होगी।

झारखंड के राज्यपाल की बेटी श्रुति गंगवार BJP उम्मीदवार

UP Rajya Sabha Election के लिए बीजेपी के आठ उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा चर्चा श्रुति गंगवार के नाम की है। श्रुति गंगवार झारखंड के राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी हैं। संतोष गंगवार बरेली लोकसभा सीट से कई बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल हैं।

श्रुति गंगवार बरेली अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन हैं। वह शिक्षा, तकनीक, बैंकिंग और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने आईटी क्षेत्र में काम किया और बाद में उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाया।

श्रुति 2019 से बीजेपी में सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर भी काम कर रही हैं। अब पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। अगर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाते हैं तो श्रुति गंगवार पहली बार राज्यसभा पहुंचेंगी।

सपा के धनराज नथवानी का भी झारखंड कनेक्शन

दूसरी तरफ UP Rajya Sabha Election में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी भी अपने पारिवारिक और कॉरपोरेट बैकग्राउंड को लेकर चर्चा में हैं। धनराज परिमल नाथवानी, उद्योग जगत और राज्यसभा की राजनीति में पहचान रखने वाले परिमल नथवानी के बेटे हैं।

धनराज रिलायंस ग्रुप से जुड़े हुए हैं और रिलायंस न्यू एनर्जी समेत कई कारोबारी परियोजनाओं में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। खेल प्रशासन में भी उनकी भूमिका रही है। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से भी जुड़े रहे हैं।

समाजवादी पार्टी ने उन्हें यूपी से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। अब सपा के तीसरे प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारने के फैसले के बाद धनराज नाथवानी का राज्यसभा पहुंचना भी तय माना जा रहा है।

सपा के दूसरे उम्मीदवार रामगोपाल यादव

सपा ने धनराज नथवानी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को भी उम्मीदवार बनाया है। रामगोपाल यादव लंबे समय से समाजवादी पार्टी की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

वह कई बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और संसद में सपा के संसदीय दल से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं। पार्टी संगठन और संसदीय राजनीति में उनकी भूमिका लंबे समय से महत्वपूर्ण रही है।

UP Rajya Sabha Election में BJP के 8 उम्मीदवार कौन हैं?

बीजेपी ने यूपी की इन आठ सीटों के लिए धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।

इनमें धर्मपाल सिंह योगी सरकार में मंत्री हैं। राधाकांत ओझा वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रकाश पाल बीजेपी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

विद्यासागर सोनकर बीजेपी के वरिष्ठ दलित नेताओं में शामिल हैं और पूर्व सांसद रह चुके हैं। गोपी कृष्ण पांडेय लंबे समय से संघ और बीजेपी से जुड़े संगठनात्मक काम में सक्रिय रहे हैं। प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से पूर्व सांसद हैं। रामप्रताप सिंह चौहान बीजेपी के प्रदेश महामंत्री हैं।

इन आठ नामों में श्रुति गंगवार का नाम इसलिए भी अलग है क्योंकि उनका सीधा पारिवारिक संबंध झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से है।

अब चुनाव नहीं, सिर्फ औपचारिकता बाकी

UP Rajya Sabha Election में अब मुकाबले जैसा कुछ नहीं है। बीजेपी के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों के सामने कोई अतिरिक्त प्रत्याशी नहीं होने की स्थिति में सभी 10 का निर्विरोध निर्वाचन तय है।

यानी एक तरफ बीजेपी के आठ उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार उच्च सदन पहुंचेंगे। इनमें बीजेपी की श्रुति गंगवार और सपा के धनराज परिमल नाथवानी ऐसे दो नाम हैं, जिनका कनेक्शन झारखंड और उसके आसपास की राजनीतिक चर्चा से भी जुड़ता है।

UP Rajya Sabha Election में अब नामांकन वापसी की तारीख यानी 9 अक्टूबर तक और चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी 10 उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा होनी बाकी है।

 

spot_img

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग ख़बर