बिहार : बिहार में जारी विधानसभा चुनाव के बीच सहरसा से एक बड़ी खबर सामने आई, जब सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के ढाब गांव में राजद नेता सुरेंद्र यादव के बेटे प्रीतम कुमार का शव संदिग्ध हालत में घर के पास मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. इस बीच इस घटना से सदमे में आए परिवार ने हत्या की आशंका जताई है.
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात सभी लोग खाना खाकर घर में सो गए थे। सुबह जब प्रीतम की मां पानी लेने के लिए ट्यूबवेल की ओर गईं, तो उन्होंने देखा कि उनका बेटा बेहोशी की अवस्था में जमीन पर गिरा पड़ा है। परिवार वाले तत्काल अन्य पड़ोसियों की मदद से तत्काल प्रीतम को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक प्रीतम के पिता सुरेंद्र यादव आरजेडी के नगर अध्यक्ष हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रीतम शांत और मिलनसार स्वभाव का लड़का था और गांव के सभी लोग उसे बहुत पसंद करते थे. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि शव संदेहास्पद स्थिति में आवासीय परिसर से बरामद किया गया है। उन्होंने कहा, “शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।”
Also Read : ओलंपिक 2028 : 128 साल बाद होने वाले क्रिकेट में मुश्किल नजर आ रहा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
इस बीच प्रीतम के परिजनों ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। परिवार ने पुलिस से न्याय की मांग की है और जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने की अपील की है।


