न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट में सवार भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ़ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया है. पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह कहा है कि स्मित की बहादुरी की वजह से एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली है. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मच्छर को ‘हीरो’ बताया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : GST स्कैम मामले में जमशेदपुर में ED ने स्क्रैप कारोबारी बबलू जायसवाल और उनके बेटे को किया गिरफ्तार
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छर एक हीरो हैं. सबसे बड़े ख़तरे के सामने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत साहस और मज़बूत हौसला दिखाया.” उन्होंने लिखा, “उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली. भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है. उनके जल्द ठीक होने, नई ताक़त और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं.”
मच्छार की हेल्थ अपडेट
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने फ़्लाईदुबई में सवार भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की सेहत से जुड़ा अपडेट साझा किया है. दूतावास ने बताया है कि पायलट सऊदी अरब के ताबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है.
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “दूतावास फ्लाईदुबई की उड़ान के बहादुर भारतीय पायलट स्मित मच्छर की सेहत पर नज़र रखे हुए है. वह उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के ताबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें ज़रूरी इलाज मिल रहा है.”
दूतावास ने बताया, “उनकी सेहत की पूरी जानकारी का इंतज़ार है, लेकिन बताया गया है कि उनकी हालत स्थिर है. हमें उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द अपनी चोटों से ठीक हो जाएंगे. हम उनके परिवार के संपर्क में हैं और उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि हम सऊदी अधिकारियों के साथ उनकी सेहत की जानकारी लेते रहेंगे. उनके इलाज के लिए हर संभव मदद करेंगे.”
ट्रंप ने भी बताया ‘हीरो’
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने फ्लाईदुबई की घटना को लेकर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की. ट्रंप ने बुधवार को कहा कि नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि क्या हुआ था और विमान में सवार यात्रियों ने उड़ान को बचाने और उसे कंट्रोल में लाने की कोशिश की.
ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक बेहद हैरान करने वाली कहानी है. ऐसा लगता है कि को-पायलट शायद आतंकवादी था या शायद उसका दिमाग ठीक नहीं था.” उन्होंने उस भारतीय पायलट की भी तारीफ की, जिस पर हमला किया गया था. ट्रंप ने उसे “हीरो” कहा.
दरअसल, ये घटना बुधवार की है, जब दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट बुधवार को उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब मुड़ गई और वहीं लैंडिंग की. कॉकपिट में एक पायलट ने दूसरे पर हमला कर दिया. जिस पायलट पर हमला हुआ, उनका नाम स्मित मच्छार है, जो भारतीय हैं. हालांकि, कथित हमले के पीछे का मकसद क्या था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई.


