विदेश : हिंदूजा ग्रुप के चेयरमैन और ब्रिटेन के सबसे अमीर कारोबारी गोपीचंद पी. हिंदूजा का सोमवार (4 नवंबर) को लंदन के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 85 साल के थे और पिछले कई हफ्तों से बीमार चल रहे थे। परिवार के करीबी सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की है।
Highlights:
गोपीचंद हिंदूजा, जिन्हें बिजनेस जगत में प्यार से जीपी हिंदूजा कहा जाता था, ने अपने बड़े भाई श्रीचंद हिंदूजा के निधन (2023) के बाद समूह की बागडोर संभाली थी। उन्होंने हिंदूजा ग्रुप को एक ग्लोबल स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई और इसे भारत के साथ-साथ दुनिया के कई देशों में फैलाया।
सिंधी व्यापारी परिवार से ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति तक का सफर
गोपीचंद परमानंद हिंदूजा का जन्म साल 1940 में सिंध (अब पाकिस्तान का हिस्सा) में एक सिंधी व्यापारी परिवार में हुआ था। उनके दादा परमानंद दीपचंद हिंदूजा ने साल 1919 में ईरान में एक छोटा ट्रेड और बैंकिंग बिजनेस शुरू किया था। यह कारोबार भारत और मध्य पूर्व के बीच व्यापार पर केंद्रित था।
गोपीचंद का बचपन मुंबई में बीता। उन्होंने 1959 में जय हिंद कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। आगे चलकर उन्हें वेस्टमिंस्टर यूनिवर्सिटी से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ लॉ और लंदन के रिचमंड कॉलेज से ऑनरेरी डॉक्टरेट ऑफ इकोनॉमिक्स की डिग्री मिली।
फैमिली बिजनेस में शुरुआत और लंदन शिफ्ट होने की कहानी
1959 में ग्रेजुएशन के बाद गोपीचंद ने अपने पारिवारिक कारोबार में कदम रखा। उनके तीन भाई (श्रीचंद, प्रकाश और अशोक) थे। चारों भाइयों ने मिलकर हिंदूजा ग्रुप को कई क्षेत्रों में विस्तार दिया, जिसमें बैंकिंग, ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी, मीडिया और ऑटोमोबाइल शामिल हैं।
1979 में ईरान की क्रांति के बाद हिंदूजा परिवार ने अपना मुख्यालय लंदन शिफ्ट कर लिया। इसके बाद ग्रुप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार को तेजी से बढ़ाया। गोपीचंद हिंदूजा ने हिंदूजा ऑटोमोटिव लिमिटेड के चेयरमैन के रूप में अहम भूमिका निभाई और कई देशों में निवेश बढ़ाया।
Also Read : 12 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में SIR आज से शुरू, 51 करोड़ मतदाता पर होगा असर
हिंदूजा ग्रुप की वैश्विक पहचान
आज हिंदूजा ग्रुप का कारोबार करीब 100 से अधिक देशों में फैला हुआ है। इसका मुख्यालय लंदन में है और भारत में भी इसके कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। समूह में करीब 2 लाख से अधिक कर्मचारी काम करते हैं।
ब्रिटेन के Sunday Times Rich List 2024 के अनुसार, हिंदूजा परिवार करीब 36 अरब पाउंड (लगभग 3.8 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ ब्रिटेन का सबसे अमीर परिवार था।
गोपीचंद हिंदूजा की पहचान
गोपीचंद अपने विनम्र स्वभाव और पारिवारिक एकजुटता के लिए जाने जाते थे। वे हमेशा कहते थे, हमारा परिवार चार शरीरों में एक आत्मा है। वे सादगी पसंद व्यक्ति थे, मांस-मदिरा से दूर रहते थे और धर्म, व्यापार और सेवा के बीच संतुलन बनाने में विश्वास रखते थे।


