रांची : चाईबासा स्थित कोषागार से पुलिस विभाग के खाते से 45 लाख रुपये की अवैध निकासी मामले में बीते दिनों मुफस्सिल थाना में दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य लोगों को आरोपी बनाया है. पुलिस की प्राथमिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने फर्जी बिल, नकली दस्तावेज और जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर कई किस्तों में करीब 45 लाख रुपये की अवैध निकासी की.
इसे भी पढ़ें : अभ्यर्थी के सपनों के साथ बंद हो खिलवाड़, JPSC के नकारा चेयरमैन को हटाएं मुख्यमंत्री : बाबूलाल मरांडी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी सिपाही देव नारायण मुर्मू पर आरोप है कि उसने निकाली गई राशि का कुछ हिस्सा अपने परिजनों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया. जांच के दौरान कोषागार से जुड़े दो अन्य कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिससे मिलीभगत की आशंका उजागर हुई है. बताया जा रहा है कि नियमित ऑडिट के दौरान खातों के मिलान में अनियमितता सामने आई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
मामले की जांच को लेकर विशेष रूप से टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई. करीब तीन दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। एसपी के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. साथ ही निकाली गई राशि की बरामदगी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घोटाले में और कौन-कौन शामिल हैं तथा रकम किन-किन खातों में भेजी गई है.


