न्यूज डेस्क: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने सोमवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त कर दिया. मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक संदेश में इस फैसले की घोषणा की.
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर बसपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है. उन्होंने कहा, “पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और इसी कारण पिछले दिनों कई कठोर फैसले लेने पड़े.” बसपा प्रमुख ने स्वीकार किया कि आकाश आनंद का पार्टी में योगदान काफी हद तक सकारात्मक रहा है, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण संगठन में समय-समय पर बदलाव करने पड़े.
उन्होंने कहा, “आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद उनके व्यवहार और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला है.” मायावती ने आकाश आनंद के हाल ही में एक्स पर किए गए एक पोस्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने पार्टी में वापसी की इच्छा जताई थी.
मायावती के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ताओं के एक बड़े वर्ग ने आकाश आनंद को दोबारा ज़िम्मेदारी देने की मांग की थी. उनके पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इसका समर्थन किया. इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद उन्हें फिर से राष्ट्रीय संयोजक की ज़िम्मेदारी सौंपने का फैसला किया.
मायावती ने जारी बयान में उम्मीद जताई कि भविष्य में पार्टी संगठन सुचारु रूप से काम करेगा और बार-बार बदलाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. साथ ही उन्होंने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को अपना आशीर्वाद देते हुए बहुजन समाज और पार्टी समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया.


