खेल : मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के लीग मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 53 रन से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है. वर्षा से बाधित मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 49 ओवर में तीन विकेट पर 340 रन बनाए. भारतीय पारी में स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शतक लगाए. प्रतिका ने 122 रन और मंधाना ने 109 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 रन जोड़े.

बारिश के कारण मैच को पहले 49-49 ओवरों का किया गया, लेकिन दोबारा बारिश होने से इसे घटाकर 44-44 ओवर का कर दिया गया और न्यूज़ीलैंड को 325 रन का नया लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम 44 ओवर में आठ विकेट पर 271 रन ही बना सकी. भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट हासिल किए.
इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बाद सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है. हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले खेलने से पहले भारत अपने आखिरी लीग मुकाबले में रविवार 26 अक्टूबर को बांग्लादेश से भिड़ेगा. सेमीफाइनल मुकाबले 29 और 30 अक्टूबर को गुवाहाची व नवी मुंबई में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को होगा.


