रांची : Raj Bhavan Ranchi में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट–2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को राज्य की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का मजबूत लेवल बताया और जनता के साथ संवाद व भरोसे को और गहरा करने पर बल दिया।
Highlights:

पुलिस ड्यूटी मीट से बढ़ती है टीम भावना
राज्यपाल ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट न केवल पुलिस बल की कार्यकुशलता और अनुशासन का प्रतीक है, बल्कि इससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी जनता की सेवा करते हैं -चाहे कानून व्यवस्था बनाए रखना हो या संकट की घड़ी में मदद पहुंचाना।
जनता के साथ भरोसे का रिश्ता जरूरी
राज्यपाल गंगवार ने कहा कि पुलिसकर्मियों को जनता से शालीनता और संवेदनशीलता के साथ संवाद करना चाहिए। उनकी शिकायतों को ध्यान से सुनकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए ताकि लोग निडर होकर अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति विधि-व्यवस्था की स्थिरता पर निर्भर करती है। पुलिस प्रशासन को हर परिस्थिति में ईमानदारी और निष्ठा से काम करना होगा।
Read Also : झारखंड शराब घोटाला : ACB की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

अनुसंधान में आधुनिक तकनीक की जरूरत
अपराध नियंत्रण में तेजी लाने के लिए उन्होंने वैज्ञानिक तरीकों और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे अपराधी जल्द कानून के दायरे में आएंगे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में देश में लागू तीन नए आपराधिक कानून न्याय व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार का प्रतीक हैं। झारखंड पुलिस को इन कानूनों की भावना के अनुरूप काम करते हुए न्याय और सुरक्षा की दिशा में आदर्श पेश करना चाहिए।
नक्सल उन्मूलन पर सशक्त कदमों की जरूरत
राज्यपाल ने नक्सल समस्या पर भावुकता के साथ कहा कि जब भी पश्चिमी सिंहभूम से किसी शहीद जवान का पार्थिव शरीर आता है और मैं उनके परिजनों से मिलता हूँ, तो मेरे पास शब्द नहीं होते। उन्होंने कहा कि नक्सली गतिविधियों में शामिल लोगों को शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए, क्योंकि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।

पुलिसकर्मियों को दिया संदेश
राज्यपाल ने ड्यूटी मीट में शामिल सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की कि वे इस आयोजन से मिली सीख को अपने कर्तव्यों और अनुसंधान कार्यों में लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और सेवा भावना और मजबूत होगी। इस मौके पर राज्यपाल ने पुलिस बल की भूमिका की सराहना की और झारखंड को नक्सलमुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने के लिए सभी से एकजुट होकर काम करने की अपील की


