जमशेदपुर : मानगो फ्लाइओवर के निर्माण में नियम-कायदों की अनदेखी और विभागों के बीच समन्वय की कमी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पथ निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखा सवाल उठाया है। सोमवार की दोपहर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पहले मानगो फ्लाईओवर और उसके बाद बालीगुमा पानी टंकी का मुआयना किया।
इसे भी पढ़ें: रांची को IT हब के रूप में विकसित करने को लेकर CM हेमंत सोरेन से RMZ Infrastructure के दीपक छाबड़िया ने की मुलाकात
इस मौके पर सरयू राय ने कहा कि पायल सिनेमा के पास फ्लाइओवर के वन-वे हिस्से का रैंप वन विभाग की जमीन पर बना दिया गया, जबकि अब तक वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और क्लीयरेंस नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि पायल सिनेमा की तरफ रैंप उतारने से सड़क संकरी हो गई है और वहां प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। लोग बेहद परेशान हो रहे हैं।
सरयू राय ने कहा कि फ्लाइओवर के निर्माण में जिस तरह की हड़बड़ी दिखाई जा रही है, वह गंभीर चिंता का विषय है। जिस जमीन पर निर्माण कार्य किया जा रहा है, उसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना प्राथमिक प्रक्रिया होनी चाहिए थी। लेकिन यहां पहले निर्माण कर दिया गया और अब अनुमति और दस्तावेजों को प्रक्रिया में लाने की बात की जा रही है।
उन्होंने सोमवार को इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात करने व वन विभाग के डीएफओ की ओर से कुछ आवश्यक कागजात मांगे जाने पर उन दस्तावेजों को अब तक उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर सवाल पूछा।
इस पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि वह यह पता कराएंगे कि वन विभाग ने कौन-कौन से दस्तावेज मांगे हैं। विधायक ने इस जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतना महत्वपूर्ण काम चल रहा है और विभाग को यह तक स्पष्ट नहीं है कि अनुमति के लिए कौन-कौन से दस्तावेज देने हैं, तो इसे किस तरह की कार्यप्रणाली कहा जाए। उन्होंने कहाः इसे ही कहते हैं गाड़ी को घोड़े के आगे रख देना। ऐसे में गाड़ी चलेगी कैसे?
सरयू राय ने कहा कि फ्लाइओवर का निर्माण निश्चित रूप से महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन महत्वपूर्ण परियोजना का मतलब यह नहीं है कि नियम-कानून को किनारे रख दिया जाए। वन विभाग की जमीन से संबंधित अनुमति और आवश्यक क्लियरेंस सबसे पहले लिया जाना चाहिए था। इसके बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि पायल सिनेमा के पास जिस तरह रैंप का निर्माण किया गया है, उससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हुई है और आम लोगों को रोजाना जाम झेलना पड़ रहा है। इतना काम हो गया और अब तक वन विभाग से अनुमति नहीं ली गई। यह बताता है कि फ्लाइओवर का काम किस तरह किया जा रहा है। काम में गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।
सरयू राय ने कहा कि वह अब इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराएंगे। उन्होंने कहा कि वह इस काम में लग गए हैं और कोशिश करेंगे कि प्रक्रिया जल्द पूरी हो तथा लोगों को जाम और यातायात की परेशानी से राहत मिले।


