गढ़वा : जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में स्थित बैंकों और आभूषण प्रतिष्ठानों का सघन सुरक्षा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बैंकों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग, बैकअप व्यवस्था, आपातकालीन अलार्म सिस्टम तथा सुरक्षा गार्डों की तैनाती और सतर्कता की बारीकी से जांच की।
इसे भी पढ़ें: नेपाल आपदा राहत के लिए झारखंड गोर्खा समाज व जैप-1 ने भेजी 16.89 लाख नेपाली रुपये की सहायता राशि
पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरों के एंगल ऐसे हों, जिससे परिसर के महत्वपूर्ण हिस्सों की स्पष्ट निगरानी हो सके। कैमरों की रिकॉर्डिंग लगातार और सुरक्षित तरीके से उपलब्ध रहे तथा बैकअप व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो। इसके अलावा आपातकालीन अलार्म सिस्टम को हर समय सक्रिय और कार्यशील रखने तथा सुरक्षा गार्डों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और आभूषण व्यवसायियों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने की हिदायत दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परिस्थिति की जानकारी मिलते ही बिना देरी किए नजदीकी थाना या ओपी को सूचना देने को कहा गया।


