चतरा: सोशल मीडिया पर हुआ प्यार उस वक्त एक युवक के लिए मुसीबत का कारण बन गया, जब वह अपनी प्रेमिका के एक फोन कॉल पर आधी रात को उससे मिलने दूसरे राज्य पहुंच गया. मामला चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुर गांव का है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
इसे भी पढ़ें : रांची में कार बिक्री के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़ित युवक रंजन कुमार (निवासी: जोंधी गांव, बांके बाजार थाना, गयाजी, बिहार) के अनुसार, लगभग 20 दिन पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान भोजपुर गांव की एक युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ने लगीं और दोस्ती प्यार में बदल गई. गुरुवार की रात करीब 11 बजे युवती ने रंजन को फोन किया और उसे मिलने के लिए अपने गांव भोजपुर बुलाया. आधी रात को दो दोस्तों के साथ बाइक से पहुंचा गांव प्रेमिका के बुलावे पर रंजन बिना सोचे-समझे अपने दो दोस्तों रंजीत कुमार और सुजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिहार के गया से झारखंड के भोजपुर गांव के लिए निकल पड़ा, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वहां उसका स्वागत प्यार से नहीं, बल्कि लाठी-डंडों से होने वाला है.
जैसे ही तीनों युवक आधी रात को भोजपुर गांव पहुंचे, युवती के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध समझकर या मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने तीनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले में रंजन और रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े, जबकि उनका तीसरा साथी सुजीत कुमार किसी तरह अपनी जान बचाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा.
घटना के बाद ग्रामीणों ने ही घायल रंजन और रंजीत को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही युवकों के परिजन भी आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे. फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस की ओर से अभी तक किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है.


