क्राइम डेस्क: बिहार के जमुई में हुई एक बेहद शर्मनाक घटना के बाद अब दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 3 लोगों द्वारा खुद को पुलिसकर्मी बताकर 17 वर्षीय लड़की से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता मंदिर में दर्शन के बाद अपने एक दोस्त के साथ पार्क में बैठी हुई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही ऐक्शन में आई पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें : परिवर्तिनी एकादशी आज, जानिए किन राशियों पर बरसेगी भगवान विष्णु की कृपा
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम आसिफ बताया जा रहा है और पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और बाइक बरामद की है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। अमर कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 354/26 दर्ज की गई है। इसमें बीएनएस की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6/17 लगाई गई हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास उसे घेरने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली हेड कॉन्सटेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी ने दो गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल आसिफ को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 बजे नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना पीसीआर को मिली थी। पीड़िता के बयान के अनुसार, वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर सात से आस्था कुंज पार्क में पहुंची। वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए।
आरोप है कि आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके दोस्त को धमकाया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता का एम्स में मेडिकल कराया गया। क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।


