रांची: बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने 23 सितंबर को बुंडू बंद का आह्वान किया है। बंद से एक दिन पहले 22 सितंबर की शाम मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस संबंध में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में जय हो सेवा संस्था, उलगुलान मोर्चा, मजदूर सेवा संगठन, युवा एकता संगठन, नव चालक कल्याण संघ और मानव सेवा संस्था के पदाधिकारियों ने आंदोलन की घोषणा की।
इसे भी पढ़ें : रांची रेल मंडल के अंतर्गत किता – सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य हेतु ब्लॉक की वजह से कई ट्रेनें प्रभावित, देखें सूची
संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने नगर पंचायत पर जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। जय हो सेवा संस्था के संस्थापक राज किशोर कुशवाहा ने कहा कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से 22 सितंबर के मशाल जुलूस और 23 सितंबर के बुंडू बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।


