रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही 14 दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठा. नेता विपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मामले को उठाते हुए हाल के महीनों में हुए कई परीक्षाओं में हुई अनियमितता की चर्चा करते हुए सरकार से कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की.
Highlights:
वहीं सदन में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष को अपनी बात को रखने का पूरा मौका मिलेगा, वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने विपक्ष की सीबीआई जांच की मांग पर कहा कि विपक्ष सीआईडी जांच से डर गई है. इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और इसे बढ़ता देख स्पीकर ने महज 14 मिनट के बाद ही सदन की कार्यवाही दोपहर 12: 30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
इसे भी पढ़ें : JPSC परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी ने अभय तिवारी के ससुर को किया गिरफ्तार, साला फरार
छात्र आंदोलन पर देश की नजर
इससे पहले सदन में जेपीएससी छात्रों के आंदोलन की चर्चा करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्रों के इस आंदोलन पर झारखंड की ही नहीं बल्कि पूरे देश की नजर है, ऐसे में 14 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं और उन्हें सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है, ऐसे में इस मामले की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच होनी चाहिए. बाबूलाल मरांडी ने पिछले कई महीनों में हुए अलग अलग परीक्षाओं में हुई धांधलियों को भी गिनाया. इस दौरान उन्होंने इस मामले को गुरूवार को हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में उठाने की भी बात कही.
राघाकृष्ण किशोर ने कहा- हैं तैयार
बाबूलाल मरांडी की मांग पर सदन में मौजूद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों व उठाए जा रहे मुद्दों को लेकर संवेदनशील है. कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में हुई चर्चा के दौरान ही इस बात पर सहमति बनी कि शुक्रवार को प्रथम अनुपुरूक बजट पेश होने के बाद इस पर चर्चा के दौरान विपक्ष अपनी बातों को विस्तार से रख सकता है, ऐसे में प्रश्न काल के दौरान सदन की कार्यवाही को बाधित करना सही नहीं है.
सीआईडी जांच से डर गया विपक्ष
संसदीय कार्य मंत्री के बयान के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने इस मुद्दे पर सदन में अपनी बात रखते हुए कहा कि सरकार छात्रों की मांगों और परीक्षा धांधली के मुद्दे पर संवेदनशील है, अब तक सीआईडी की जांच में लगभग दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, ऐसे में विपक्ष की सीबीआई जांच की मांग से लगता है कि वह सीआईडी जांच से डर गया है. इसके बाद विपक्ष की ओर हंगामा शुरू हो गया.
हंगामे के बीच ही प्रदीप यादव ने विपक्षी भाजपा विधायकों को चुनौती देते हुए कहा कि केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी का ही क्यों बल्कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय जेपीएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की भी सीबीआई जांच की मांग कर ले. उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया.


