रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद रह चुके दिवंगत शिबू सोरेन मंगलवार को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित होंगे. राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक समारोह में यह सम्मान प्रदान करेंगी. दिवंगत दिशोम गुरू की पत्नी व पूर्व सांसद रूपी सोरेन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों से यह सम्मान ग्रहण करेंगी.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ अग्निकांड हादसे में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ़्तार, दो सदस्यीय एसआईटी का गठन
इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी समारोह में मौजूद रहेंगी. इस समारोह में 60 अन्य विभूतियों को भी पद्म सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. शुरुआत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सम्मान ग्रहण करने की चर्चा थी, लेकिन झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि परिवार की ओर से रूपी सोरेन और कल्पना सोरेन ही समारोह में शामिल होंगी.
बता दें कि इस साल गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या यानी 25 जनवरी 2026 को केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों की घोषणा करते हुए शिबू सोरेन को मरणोपरांत देश के तीसरे सबसे पड़े सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित करने का ऐलान किया था. इससे पहले पिछले साल 4 अगस्त को लंबी बीमारी के बाद दिशोम गुरू का नई दिल्ली में निधन हो गया था.
झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास में शिबू सोरेन का नाम एक संघर्षशील जननेता के रूप में दर्ज है. ऐसे में यह सम्मान न केवल उनके योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व और भावनाओं से जुड़ा एक ऐतिहासिक क्षण भी माना जा रहा है. राज्यभर में उनके समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच इस सम्मान को लेकर उत्साह का माहौल है.




