जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित फल कारोबारी कन्हैया यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह और गुरुप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
Highlights:
हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को गोलमुरी थाना के पास ही कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अपराधियों ने बेहद करीब से अंधाधुंध फायरिंग की थी। कन्हैया यादव को सिर में दो, पेट में एक और पैर में एक गोली लगी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मृतक की पत्नी कुसुम देवी के बयान के आधार पर गोलमुरी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक, गोलू पाठक, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है। घटना के समय कन्हैया यादव के साथ उनका साथी रंजीत शर्मा उर्फ काली भी मौजूद था। हमलावरों से बचने के लिए वह भागकर पास स्थित सिटी डीएसपी कार्यालय परिसर में घुस गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
हत्या के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
इस सनसनीखेज हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना की रात बड़ी संख्या में लोगों ने गोलमुरी थाना का घेराव किया। अगले दिन आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने टीनप्लेट चौक को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।


