रांची: झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले निकाय चुनावों से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए प्रशासन से तत्काल लाइसेंसी हथियारों को थानों में जमा कराने का निर्देश जारी करने की मांग की है। सांसद आदित्य साहू ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि 48 निकाय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार जोरों पर है, लेकिन अब तक सरकार ने हथियार जमा करने का आदेश जारी नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की यह चुप्पी इशारा करती है कि वह गोली, बंदूक और भय के साये में चुनाव संपन्न कराना चाहती है।
आदित्य साहू ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल पहले से ही बढ़ा हुआ है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अपराधियों की संरक्षक बनी हुई है और इस स्थिति का लाभ उठाकर वह अपने समर्थित उम्मीदवारों को अनुचित फायदा पहुँचाना चाहती है। वहीं भाजपा सांसद ने मांग की है कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और हिंसा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन को अविलंब सक्रिय होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हथियारों को जमा नहीं कराया जाता, तब तक मतदाताओं के मन में डर बना रहेगा, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।


