रांची: राजधानी के कांटाटोली स्थित खादगड़ा बस स्टैंड में रविवार दोपहर वहां मौजूद कुछ बसों में अचानक भीषण आग लग जाने से हड़कंप मच गया। बस स्टैंड परिसर में खड़ी बसों में लगी आग ने देखते ही देखते एक के बाद एक 6 बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे बस स्टैंड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस दौरान कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश करते भी नजर आए।
इधर बसों में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्काल अग्निशमन विभाग को घटना की खबर दी गई, जिसके बाद फायर बिग्रेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है हालांकि कुछ लोग शार्ट सर्किट के कारण घटना होने की आशंका जता रहे हैं।
स्थानीय लोग इस बात से भी काफी आक्रोशित नजर आए कि बस स्टैंड में प्रतिदिन 40 से 50 हजार लोगों की आवाजाही होती है और रोजाना चार-पांच सौ बसों का परिचालन होता है लेकिन बावजूद इसके दमकल विभाग की एक भी गाड़ियां बस स्टैंड में मौजूद नहीं रहती हैं।


