जमशेदपुर : बिहार पुलिस के एसटीएफ ने कुख्यात अपराधी दिवाकर सिंह को सोमवार को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है. दिवाकर सिंह पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी रोड का निवासी है और उस पर हत्या, अपहरण और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है. मिली जानकारी के अनुसार दिवाकर सिंह पटना जिले के टॉप 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल है.
पटान पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक दिवाकर सिंह का नाम पहली बार साल 2023 में पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बाइकर्स गैंग के बीच हुए आपसी वर्चस्व की लड़ाई में उज्ज्वल उर्फ धोनी की हत्या में सामने आया था. उसके खिलाफ अब तक अपहरण, आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
दिवाकर सिंह की तलाश में जुटी बिहार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पड़ोसी राज्य झारखंड के जमशेदपुर में अपना ठिकाना बनाकर रह रहा है. पुलिस से बचने के लिए दिवाकर सिंह ने अपनी पहचान छिपा रखी थी और वह जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में रह रहा था.


