खेल : नवी मुंबई के डीएन वाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में महिला वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेटों से मात देकर फाइनल में जगह बना ली है. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिले 339 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. भारत की जीत की हीरो जेमिमा रहीं. जिन्होंने 127 रन की नाबाद पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रन की पारी खेली. इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.5 ओवर में 338 रन बनाकर ऑलआउट हुई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से फ़ीबी लिचफ़ील्ड 93 गेंद में 119 रन की पारी खेली. लिचफ़ील्ड की पारी में तीन छक्के और 17 चौके शामिल रहे. वहीं भारत के लिए श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट लिए. अब फाईनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत द अफ्रीका से होगी, जो पहले सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर पहली बार फाइनल मुकाबला में पहुंच चुका है.

339 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. शेफाली वर्मा दूसरे ओवर में ही 10 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गईं. इसके बाद स्मृति मंधाना ने जेमिमा के साथ मिलकर भारत की पारी को संभालने की कोशिश की. लेकिन 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्मृति भी 24 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गईं.
Also Read : जस्टिस सूर्यकांत होंगे भारत के नए मुख्य न्यायाधीश, केंद्रीय क़ानून मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
इसके बाद जेमिमा ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मोर्चा संभाला. इन दोनों खिलाड़ियों ने ना सिर्फ अपने अर्धशतक पूरे किए बल्कि रनों की गति को भी धीमा नहीं होने दिया. जेमिमा ने 56 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं हरमनप्रीत कौर ने 65 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 167 रन की रिकॉर्ड पार्टनरशिप हुई. हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर शतक पूरा नहीं कर पाईं और 89 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटीं.

लेकिन जेमिमा अंत तक डटी रहीं और टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन वापस लौटीं. जेमिमा ने 134 गेंद में 127 की नाबाद पारी खेली. जेमिमा की पारी में 14 चौके शामिल रहे. दीप्ति शर्मा ने 24, ऋचा घोष ने 26 और अमनजोत कौर ने 15 रन की नाबाद पारी खेलकर इस जीत को मुमकिन कर दिखाया.
भारतीय महिला टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंची है. इससे पहले भारतीय टीम 2005 और 2017 में वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. हालांकि पहले दोनों बार भारतीय महिला टीम को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में निराशा ही हाथ लगी है.


