Rewti Raman
मेदिनीनगर : पलामू पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ अब न्यायालय से जल्द सजा दिलाने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है.पुलिस की कार्रवाई को सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखते हुए मामलों को मजबूत साक्ष्यों न्यायालय तक पहुंचाने पर और दोषियों को सजा दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इसी क्रम में जिले के सभी पुलिस अनुमंडलों से 10-10 गंभीर मामलों का चयन कर कुल 50 केस स्पीड ट्रायल के लिए न्यायालय को भेजे गए हैं.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह: इजराइल से सीखी Fish Farming की तकनीक, गांव लौटकर सुमन ने बनाए 35 तालाब
हत्या,लूट जैसे गंभीर मामलों का चयन
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि चयनित मामलों में हत्या, आर्म्स एक्ट, प्रॉपर्टी ऑफेंस, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. इन मामलों का चयन ऐसे केसों में किया गया है, जिनमें पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है और जांच के दौरान पर्याप्त व मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं. इन मामलों की सुनवाई में तेजी लाकर अपराध में शामिल आरोपियों को जल्द सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है.
सजा तक पहुंचाने पर फोकस
एसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधी को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है. मजबूत जांच, साक्ष्य का संकलन, गवाहों की समय पर गवाही और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के जरिए दोषी को सजा दिलाना भी पुलिस की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से सभी पुलिस अनुमंडलों से गंभीर मामलों को चिह्नित कर स्पीड ट्रायल के लिए भेजा गया है.
समय पर गवाही से मजबूत होगा अभियोजन पक्ष
स्पीड ट्रायल का एक महत्वपूर्ण फायदा गवाहों की समय पर गवाही पूरी होने के रूप में भी सामने आएगा.एसपी के अनुसार, गवाहों की गवाही जितनी कम समय में पूरी होगी, मामले की सुनवाई पर उतना ही सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. इससे पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष समय पर मजबूती के साथ रखा जा सकेगा.वहीं मामलों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
जल्द सजा से अपराधियों में बढ़ेगा कानून का भय
बकौल पलामू एसपी, गंभीर मामलों में त्वरित सुनवाई और समय पर सजा से अपराधियों के बीच कानून का भय कायम होगा. इससे अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और आम लोगों में पुलिस व न्याय व्यवस्था के प्रति भरोसा भी बढ़ेगा. पलामू पुलिस का यह कदम अपराधियों प्रभावी अभियोजन के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.


