डेस्क: गोवा में एक नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के मामले में अभियुक्त लूथरा ब्रदर्स को मंगलवार को थाईलैंड से भारत लाया गया. सौरभ और गौरव लूथरा, नाइट क्लब के को-ओनर हैं. छह दिसंबर को हुई घटना के कुछ घंटों बाद दोनों थाईलैंड भाग गए थे. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इंटरपोल ने दोनों भाइयों के ख़िलाफ़ नोटिस जारी किया.
दोनों को 11 दिसंबर को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. नाइट क्लब के तीसरे पार्टनर अजय गुप्ता को पिछले हफ़्ते दिल्ली में हिरासत में लिया गया था. पुलिस के मुताबिक भारत लौटने के बाद दोनों भाइयों से गैर-इरादतन हत्या और अन्य आरोपों में पूछताछ की जाएगी. दोनों भाई किसी भी ग़लत काम से इनकार करते हैं. उनका कहना है कि उनका “क़ानून से बचने का कभी इरादा नहीं था”. उनका आरोप है कि एक बड़े हादसे में उन्हें “ग़लत तरीक़े से खलनायक के रूप में पेश किया जा रहा है”.


