दुमका : गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के भोड़ाबाद पंचायत अंतर्गत जरताल अंबा गांव में आयोजित इस शिलान्यास कार्यक्रम में अंबा गांव से सुंदरमोड़ तक पक्की सड़क निर्माण सहित जिले के अन्य प्रखंडों के सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इसे भी पढ़ें: देश को 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड जिताने के बाद रांची पहुंची झारखंड की बेटियां
सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि वैसे आदिवासी गांव जहां आज तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई है उन गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य,आवास सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं बहाल कराने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2024 से पीएम जन मन योजना की शुरुआत की है और इसी के तहत आज तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया।
इन योजनाओं के पूर्ण हो जाने से सुदूरवर्ती दुर्गम गांवों का संपर्क मुख्य सड़क से हो जाएगा। उन्होंने झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है जिसके कारण राज्य का विकास अवरूद्ध है। विकास के मामले में 2019 से पहले झारखंड जहां खड़ा था आज उससे भी नीचे चला गया है।


