पाकुड़ : पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोहलपहाड़ी गांव में शुक्रवार देर रात लूटपाट के इरादे से पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना दुकान में जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने दुकान के स्टाफ के साथ मारपीट की और दुकानदार महेश गुप्ता पर फायरिंग कर दी। हालांकि, महेश गुप्ता बाल-बाल बच गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
इसे भी पढ़ें : कोलकाता से रांची आ रही बस सरायकेला के झाबरी के पास हुई अनियंत्रित, 20 से अधिक यात्री घायल
बताया गया कि प्रखंड मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित दुकान पर चार से पांच बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने महेश गुप्ता को निशाना बनाकर गोली चला दी। महेश ने किसी तरह खुद को बचाया। इधर, दुकान के स्टाफ के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर जुटने लगे। लोगों को आता देख बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और वे मौके से फरार हो गए। जाते-जाते बदमाशों ने दुकान का शटर भी गिरा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


