पलामू: झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के हथकड़ी व रस्से समेत फरार हो जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है.
इसे भी पढ़ें : पलामू में मनातू BDO को धमकी मामले की जांच तेज, आईडी और मोबाइल की हुई पहचान
मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/26 के तहत दर्ज धारा 303(2) बीएनएस के अप्राथमिकी अभियुक्त रीतेश कुमार, पिता अनिल सिंह, निवासी पीपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर हाजत में रखा गया था. अभियुक्त ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात चौकीदार उसे इलाज के लिए बाहर निकाल रहा था.
इसी दौरान मौका पाकर अभियुक्त ने चौकीदार को धक्का दिया और हाथ में लगी हथकड़ी और रस्से समेत थाना हाजत से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।


