रांची : 45-घाटशिला (अ.जा.जा.) विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय, रांची में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एवं स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी डॉ. माईकलराज एस ने की।
Highlights:
केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस की तैनाती पर चर्चा
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उपचुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए 10 कंपनियां CAPF की प्रतिनियुक्त होंगी, जिसमें 6 CISF की कंपनियां भी शामिल हैं। इसके साथ-साथ राज्य पुलिस बल को भी पर्याप्त संख्या में लगाया जाएगा।

बलों के आवासन और गमनागमन पर भी फोकस
बैठक में यह सुनिश्चित करने की दिशा में चर्चा हुई कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात बलों के आवास, सुरक्षा और आवाजाही में कोई बाधा न आए। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित वातावरण में बलों की तैनाती से चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।
समन्वय बनाए रखने पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय बल और राज्य पुलिस के बीच सटीक समन्वय स्थापित करना चुनाव के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी व्यवस्थाओं की निगरानी लगातार की जाएगी।
कौन-कौन रहे शामिल?
बैठक में सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे-
- कार्तिक एस, पुलिस उप-महानिरीक्षक, झारखंड पुलिस
- धनंजय कुमार सिंह, पुलिस उप-महानिरीक्षक, जंगल वार फेयर स्कूल, नेतरहाट
- अराधना, पुलिस उप-महानिरीक्षक, CISF, दरभंगा हाउस, रांची
अधिकारी इस चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए ड्राफ्ट प्लान पर काम कर रहे हैं।


