धनबाद : धनबाद डीएसपी (विधि व्यवस्था) प्रकाश सोय ने अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था को लेकर क्षेत्र अंतर्गत सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सितंबर माह में दर्ज कांडों, निष्पादित मामलों तथा लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएसपी ने थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर थाना में शांति समिति की बैठक, ट्रैफिक व सुरक्षा के दिए निर्देश
साथ ही रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी एवं सघन बनाने पर विशेष जोर दिया गया। चोरी, छिनतई, अड्डाबाजी और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा नियमित रूप से गश्ती करने को कहा गया।
डीएसपी ने खनिज संपदा के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जेल से जमानत या सजा पूरी कर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा उनके वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया।
आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।


