रांची: JSSC CGL परीक्षा धांधली व नियुक्ति मामले में अपराध अनुसंधान विभाग यानी सीआईडी ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ़्तार आरोपी प्रश्न पत्र छापने वाली एजेंसी आईसीएन का संचालक मिथिलेश सिंह का नजदीकी रिश्तेदार बताया जा रहा है. आरोपी से जांच एजेंसी पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से की मुलाकात, किया ये आग्रह
सीआईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की इस पूरे प्रकरण में बेहद सक्रिय और संगठित भूमिका थी. जांच में यह बात सामने आई है कि परीक्षा से पहले उसने 30 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र के उत्तर रटवाए थे. इसके लिए अभ्यर्थियों को एक तय स्थान पर जुटाया गया था और परीक्षा से ठीक पहले लीक प्रश्न पत्र के सटीक जवाब उन्हें रटाए गए थे.
जांच एजेंसी का यह भी आरोप है कि उत्तर रटवाने के एवज में आरोपी ने इन सभी अभ्यर्थियों से मोटी रकम की वसूली की थी. प्रत्येक छात्र से लाखों रुपए की सौदेबाजी की गई थी और एडवांस के तौर पर भी भारी रकम वसूली गई थी. CID अब गिरफ्तार आरोपी के बैंक खातों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और वित्तीय लेन-देन के ब्योरे को खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्रों से वसूली गई कुल रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई और इस अवैध कमाई में और कौन-कौन लोग हिस्सेदार थे.


