रांची दुर्गा पूजा: राजधानी रांची के लटमा रोड, हटिया में इस बार मां भवानी दुर्गा पूजा समिति की ओर से खास दुर्गा पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। समिति का यह 17वां वर्ष है। इस बार पंडाल को कोलकाता के नवदुर्गा मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल करीब 55 फीट ऊंचा और 40 फीट चौड़ा होगा। इसमें मां दुर्गा के नौ रूपों को कोलकाता की शैली में सजाया जाएगा।
Highlights:
पंडाल बनाने के लिए प्लाईवुड और दूसरी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके ऊपर रंग-बिरंगे कपड़े लगाए जाएंगे। बंगाल से आए कारीगर पंडाल के साथ थर्मोकोल से अलग-अलग आकृतियां भी तैयार कर रहे हैं। इन्हें मुख्य प्रवेश द्वार और उसके आसपास सजाया जाएगा। पंडाल की खास सजावट के साथ आधुनिक लाइटिंग भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इसे भी पढ़े: JSSC CGL नियुक्ति धांधली मामले में जेल में बंद मुख्य आरोपी अभय तिवारी की जमानत पर एक अक्टूबर को होगी सुनवाई
बनाए जा रहे हैं 10 तोरण द्वार
पंडाल परिसर में कुल 10 तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। हर तोरण करीब 50 फीट ऊंचा और 25 फीट चौड़ा होगा। इन पर आधुनिक लाइटिंग के जरिए देवी-देवताओं की अलग-अलग आकृतियां दिखाई जाएंगी। पंडाल के आसपास भी आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। पंडाल निर्माण पर करीब 6.50 लाख रुपये, प्रतिमा पर 2 लाख रुपये और बिजली की सजावट पर करीब 4 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दूसरी व्यवस्थाओं को मिलाकर कुल खर्च करीब 18 लाख रुपये बताया गया है।
षष्ठी को खुलेगा मां का पट
षष्ठी के दिन सुबह 10:30 बजे मां दुर्गा का पट खोला जाएगा। वहीं, 21 तारीख को विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन जुलूस में ढाक, नगाड़ा और ताशा पार्टी शामिल होगी। बड़ी संख्या में महिलाएं भी जुलूस में हिस्सा लेंगी। वहीं, अष्टमी के दिन बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। मां भवानी दुर्गा पूजा समिति के आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं और समिति के सदस्य पंडाल और पूजा की बाकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।


