न्यूज डेस्क : पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हो गई है. सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती हुई और उसके बाद ईवीएम से मतों की गिनती का काम शुरू हुआ। पश्चिम बंगाल में 293, तमिलनाडु में 234, केरल में 140, असम में 126 और पुडुचेरी में 30 सीटों पर नतीजे आएंगे. पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी, लेकिन फ़ाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा वोटिंग होगी. इस वजह से आज सोमवार को पश्चिम बंगाल की 293 सीटों के परिणाम आएंगे.
Highlights:
शुरूआती रूझानों में प बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच कांटें की टक्कर है और अब तक आए रूझान में 162 सीटों में 88 पर बीजेपी और 73 सीटों पर टीएमसी आगे चल रही है। वहीं असम में बीजेपी ने कांग्रेस से भारी बढ़त बना ली है। अब तक आए 61 सीटों में से 50 पर बीजेपी और 11 सीटों पर कांग्रेस की बढ़त है। वहीं तमिलनाडु में अब तक आए 81 सीटों के रूझान में डीएमके 60 सीटों के साथ ने अपने प्रतिद्वंदी एआईएडीएमके के 6 और नई पार्टी विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के 15 सीटों के मुकाबले से बढ़त बनाई हुई है।
वहीं केरलम में अब तक आए 30 सीटों के रूझान में एलडीएफ के 6 सीटों के मुकाबले यूडीएफ 18 सीटों के साथ बढ़त लेती नजर आ रही है तो पुदुचेरी में एनडीए गढबंधन आगे चल रहा है। अब तक केवल 2 सीटों के रूझान सामने आए हैं और इन दोनों सीटों पर एनडीए आगे चल रही है।
इसे भी पढ़ें : 5 राज्यों के चुनाव नतीजों का काउंटडाउन शुरू, किसके सिर सजेगा सत्ता का ताज?
इधर पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती के लिए किए गए इंतज़ामों के बारे में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया, “293 सीटों के लिए वोटों की गिनती सोमवार को होगी. कुल 77 जगहों पर वोटों की गिनती होगी. इनमें 35 ज़िला मुख्यालय और 42 सबडिविज़न मुख्यालय शामिल हैं.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उन्होंने बताया, ”चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, ज़्यादातर केंद्र ज़िला स्तर पर होने चाहिए. राज्य भर में कुल 459 काउंटिंग हॉल हैं. वोटों की गिनती पर नज़र रखने के लिए 533 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं.”
चुनाव आयोग की तैयारी
चुनाव आयोग ने समस्त मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। केंद्रीय बलों की 700 कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। अंदर केंद्रीय बल व बाहर पुलिस का दो स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। 77 पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी।


