धनबाद : धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने डुमरी विधायक जयराम महतो पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है. IIT-ISM धनबाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने जयराम महतो पर अपना राजनीतिक रुख बार-बार बदलने और माफियाओं के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें : धनबाद के टाटा कंपनी क्षेत्र के जामाडोबा में भू-धंसान, करीब 20 फीट का बना गोफ, लोगो में दहशत
ढुल्लू महतो ने कहा कि जयराम महतो विनोद बिहारी महतो और सुनील महतो के नाम पर चुनाव जीतकर आए हैं लेकिन माफिया और रंगदारों के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं दिखा पाए. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा गिरगिट भी इतनी जल्दी रंग नहीं बदलता जितनी जल्दी जयराम महतो अपनी बात बदलते हैं.
सांसद ने आरोप लगाया कि जयराम महतो माफियाओं से पैसा लेकर बयान देते हैं . सांसद ने यह भी कहा कि जयराम महतो 1932 व भाषा के मुद्दे पर लोगों को बरगलाकर राजनीति की लेकिन अब उस पर स्पष्ट रुख नहीं अपना रहे हैं. वहीं जयराम समर्थकों की कथित गाली-गलौज पर उन्होंने कहा जो जिस भाषा में समझेगा उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा.


