कोलकाता: कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार को काठमांडू से इस्तांबुल जा रही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। विमान से धुआं निकलने की आशंका के बाद इसे कोलकाता में उतारा गया। बताया जा रहा है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान की जांच की जा रही है। तुर्किश एयरलाइंस के विमान ने काठमांडू से इस्तांबुल के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन रास्ते में ही इसके इंजन से धुआं निकलने का शक हुआ। इसके बाद इस विमान की तुरंत कोलकाता के नेताजी इंटरनेशनल टर्मिनल पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
बताया जा रहा है कि विमान में 236 यात्री सवार थे। एनएससीबीआई के एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बयान जारी कर बताया कि काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश 727 की कोलकाता एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लैंडिंग हुई। कैप्टन ने कोलकाता ATC को दाहिने इंजन में आग लगने की आशंका के बारे में बताया। विमान दोपहर 2 बजकर 49 मिनट पर एनएससीबीआई एयरपोर्ट पर उतरा। उन्होंने बताया कि विमान अभी कोलकाता एयरपोर्ट पर है और जांच चल रही है।


