रांची : लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ गई है. सीने में तकलीफ होने के बाद खूंटी के पूर्व सांसद को रांची के ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है. छाती रोग विशेषज्ञ डॉ निशीथ कुमार की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार 85 वर्षीय कड़िया मुंडा की हालत स्थिर है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं. डॉ निशीथ के मुताबिक सीने की जांच में निमोनिया होने की पुष्टि हुई है. उनको फिलहाल इवेजिव वेंटीलेटर पर रखा गया है.
Highlights:
कड़िया मुंडा इस साल तीसरी बार अस्पताल में तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती हुए हैं. इससे पहले जुलाई और जनवरी महीने में इलाज को लेकर भर्ती हो चुके हैं. केंद्रीय स्वास्थय मंत्री सह बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने परिजनों से बातकर कड़िया मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली है. नड्डा ने डॉक्टरों से भी संपर्क कर इलाज और स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति पर अपडेट लिया. परिजनों के मुताबिक, फिलहाल कड़िया मुंडा की हालत पहले की तुलना में बेहतर है. चिकित्सा टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है और डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है तथा आगे भी नियमित जांच जारी रहेगी.
जुलाई में भी बिगड़ी थी तबीयत
खूंटी से आठ बार सांसद चुने जा चुके कड़िया मुंडा इससे पहले बीते जुलाई महीने में भी अचानक बीमार पड़ने की वजह से अस्पताल में भर्ती हुए थे. उन्हें रांची के मेडिका मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और लगभग एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी. उन्हें कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था. डॉ विजय मिश्रा की देखरेख में मेडिकल टीम ने कड़िया मुंडा का इलाज किया था.
जनवरी में निमोनिया की शिकायत
पद्म विभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा की तबीयत इस साल के शुरू में यानी जनवरी 2025 में भी बिगड़ी थी. इसके कुछ दिन बाद ब्लड शुगर लेवल गिरने और बेचैनी महसूस होने के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया था. उस समय मेडिका में इलाज के बाद वह ठीक होकर घर चले गये थे.


