रांची : झारखंड की राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर स्थित भुईयां टोली से रविवार शाम तीन मासूम बच्चे रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए. इस खबर के मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर टीएच कॉलोनी के समीप भुईयां टोली निवासी दिहाड़ी मजदूरों के बच्चे शिवा कुमार (10 वर्ष), मेघा कुमारी (6 वर्ष) और मंगल उरांव उर्फ टकला (9 वर्ष) रविवार शाम पांच बजे सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर परिसर में खेल रहे थे। कुछ देर बाद तीनों अचानक लापता हो गए।
इसे भी पढ़ें : असम के नगांव में CRPF कैंप में दो जवानों की अंधाधुंध फायरिंग, 3 जवानों की मौत व एक अन्य घायल
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान सूचना मिली कि तीनों बच्चों को खलारी रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के पास आखिरी बार खेलते हुए देखा गया था। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं।


