रांची: एचईसी प्रबंधन ने एक जुलाई 2026 से कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाकर 241.7 प्रतिशत करने का फैसला लिया है। मुख्यालय प्रशासन एवं कार्मिक विभाग की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार, यह संशोधित डीए 2007 वेतनमान प्राप्त करने वाले यूनियनकृत कर्मचारियों, गैर-यूनियनकृत पर्यवेक्षकों, अधिकारियों तथा समकक्ष वेतनमान के कर्मचारियों पर लागू होगा।
Highlights:
प्रबंधन ने बताया कि महंगाई भत्ते में यह संशोधन मार्च से मई 2026 के तिमाही औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के आधार पर किया गया है। यह निर्णय भारत सरकार के लोक उद्यम विभाग (डीपीई) के 17 जुलाई 2026 के कार्यालय ज्ञापन के अनुरूप लिया गया है।
इसे भी पढ़ें: रांची में रहस्यमय ढंग से लापता हुए तीन मासूम, मंदिर में खेलते-खेलते हुए गायब, रेलवे स्टेशन पर दिखे आखिरी बार
अभी नहीं मिल सकेगा लाभ
हालांकि एचईसी के कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन और अन्य बकाया राशि का भुगतान नहीं हो सका है, इसलिए बढ़े हुए डीए का तत्काल नकद लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में संशोधित डीए का असर अभी उनकी मासिक आय पर नहीं पड़ेगा।इसके बावजूद यह फैसला कर्मचारियों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भविष्य में जब लंबित वेतन, एरियर और अन्य देयों का भुगतान होगा, तो उनकी गणना संशोधित 241.7 प्रतिशत डीए के आधार पर होगी।
राहत भरी ख़बर
प्रबंधन ने परिपत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि डीए की गणना में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में जोड़ा जाएगा, जबकि इससे कम राशि को नजरअंदाज किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को पहले की तुलना में अधिक बकाया राशि मिलेगी। आर्थिक संकट और लंबे समय से वेतन भुगतान की समस्या के बीच एचईसी (हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है।


