रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बच्चों के लापता होने के मामलों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डोरंडा थाना क्षेत्र से लापता हुई नेहा टोप्पो (उम्र 11 वर्ष) को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, वहीं रातू थाना क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई दो सगी बहन संध्या कुमारी (उम्र 16 वर्ष) और अर्चना कुमारी (उम्र 12 वर्ष) को भी राँची रेल्वे स्टेशन से बरामद कर लिया गया है।
Highlights:
नेहा 4 फरवरी से थी लापता
राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह निवासी नेहा टोप्पो 4 फरवरी, शाम करीब 5 बजे घर से दुकान के लिए निकली थी। जिसके बाद वो वापस नही लौटी काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर से खोजबीन की। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 7 फरवरी को डोरंडा थाना में कांड संख्या 40/2026 के तहत गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामला नाबालिग बच्ची से जुड़ा होने के कारण एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा ने किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की। पुलिस के दबाव और सक्रियता के चलते मंगलवार को बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
यह भी पढ़े : 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव को मिली जमानत, दो नए मामले के कारण जेल में ही रहेंगे पूर्णिया सांसद
रातू से दो सगी बहनें थी लापता
इधर, रातू थाना क्षेत्र के गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक से 8 फरवरी को दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। पुलिस के अनुसार, 8 फरवरी को दोनों बहनें दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पहले आसपास और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बच्चियों के पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों बेटियों की गुमशुदगी की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चियां अक्टूबर 2025 में बिहार के जहानाबाद स्थित ननिहाल से रांची आई थीं। छोटी बच्ची कक्षा पांच की छात्रा है, जबकि बड़ी बच्ची ने वर्ष 2025 में मैट्रिक की परीक्षा पास की है। एक साथ दो बच्चियों के लापता होने से परिवार पूरी तरह डरा हुआ है। वहीं, आसपास के लोग और स्थानीय निवासी भी इस घटना से सहमे हुए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से बच्चियों से संबंधित जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील भी की थी।
रेल्वे स्टेशन में मिली दोनों बहनें
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच तेज करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। इसी क्रम में मंगलवार को दोनों बहनों को राँची रेल्वे स्टेशन परिसर में देखा गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर रातू थाना लाया गया है। पूपुलिस दोनों बच्चियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे घर से क्यों और किन परिस्थितियों में निकली थीं।
घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की
सराहना की है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा
रही है।


