मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने और हिंसा भड़काने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस पूरे कांड के कथित मास्टरमाइंड एडवोकेट मोफक्कारुल इस्लाम को पुलिस ने शुक्रवार सुबह बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोफक्कारुल इस्लाम राज्य छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा है। इसी आधार पर पुलिस टीम ने बागडोगरा एयरपोर्ट पर जाल बिछाया और उड़ान भरने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी मामले में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Highlights:
बंधक बनाने और हिंसा भड़काने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, कालियाचक में हुई हिंसा और 7 न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के पीछे मोफक्कारुल इस्लाम की अहम भूमिका थी। उस पर भीड़ को उकसाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की साजिश रचने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम भी मालदा पहुंचने वाली है। संभावना है कि एजेंसी इस केस की जांच अपने हाथ में ले सकती है। इससे मामले की जांच और तेज होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं: राघव चड्ढा
अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार
मालदा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए इंडियन सेकुलर फ्रंट (ISF) के उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली सहित कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि उनके पास आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मौजूद हैं। गिरफ्तारी के बाद ISF उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली ने खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी राजनीतिक पहचान के कारण फंसाया जा रहा है। उनका दावा है कि घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे, बल्कि एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई हैं।


