धनबाद: धनबाद के निरसा ईसीएल की राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन का शुक्रवार को बड़ा मामला सामने आया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी अपनी टीम और स्थानीय लोगों के साथ खुद खदान के अंदर पहुंचे. भूमिगत हिस्से में पहुंचने के बाद कई स्थानों पर अवैध मुहाने बनाकर कोयला काटे जाने के निशान मिले।
इसे भी पढ़ें : धनबाद : ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत 11 अपराधी गिरफ्तार, 2.85 लाख नकद व 19 मोबाइल जब्त
बताया गया कि अवैध खनन में बिजली के मोटे केबल के जरिए अवैध कनेक्शन लेकर बड़े मोटर और ड्रिल मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। विधायक ने खदान के अंदर दर्जनों ऐसे स्थानों का निरीक्षण किया जहां अवैध उत्खनन किए जाने की बात सामने आई। वहीं कोयला ढोने के लिए मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल की भी बात कही गई।
सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ और ईसीएल राजा कोलियरी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त कार्रवाई के दौरान मोटे बिजली के केबल, मोटर, कटर, गैता समेत कोयला खनन में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण जब्त किए गए। इसके अलावा अवैध रूप से बनाए गए मुहानों को भरने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि राजा कोलियरी में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि एरिया सिक्योरिटी, जीएम और सीआईएसएफ के अधिकारियों से भी कार्रवाई का आग्रह किया गया था। अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्हें स्थानीय लोगों के साथ खुद खदान के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लेना पड़ा।
विधायक ने कहा कि संबंधित लोगों को दो दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि में अवैध खनन में लगे मजदूरों और अन्य लोगों को वहां से हटाने की बात कही गई है। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाएगा।


