झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गये हैं. बताया जा रहा है कि चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के चालियामा स्थित रुंगटा प्लांट के 5 नंबर गेट के पास लौह अयस्क (आयरन ओर) से लदा डंपर ई-रिक्शा पर पलट गया. बताया जा रहा है कि मरने वालों में ई-रिक्शा का चालक भी शामिल हो सकता है. घायलों को बाहर निकाल कर उन्हें इलाज के लिए चाईबासा स्थित सदर अस्पताल भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, रुंगटा माइंस का लौह अयस्क लेकर डंपर प्लांट में जा रहा था। तभी सुबह करीब 5.30 बजे यह हादसा हो गया। रुंगटा प्लांट के समीप इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं।हालांकि, फिलहाल इस बात का पता नहीं चल सका है कि डंपर पलटने की मुख्य वजह क्या थी। कुछ लोगों का कहना है कि प्लांट के प्रवेश मार्ग पर सड़क उबड़-खाबड़ है, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया था। इस दुर्घटना की वजह से चाईबासा -हाता रोड पर जाम लग गया है।


