झारखंड : झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा के बीहड़ इलाक़े जराईकेला थाना क्षेत्र के समठा गांव में शुक्रवार शाम नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर दिया। इस धमाके में सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें एक इंस्पेक्टर, एक एसआई और एक हेड कॉन्स्टेबल शामिल थे।
तीनों घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
विस्फोट के बाद घायल जवानों को तुरंत हेलिकॉप्टर से राउरकेला अपोलो अस्पताल भेजा गया। इंस्पेक्टर की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज राउरकेला में चल रहा है। एएसआई रामचंद्र गोगई और हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लस्कर को भी गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था।
शनिवार सुबह महेंद्र लस्कर ने तोड़ा दम
इलाज के दौरान शनिवार सुबह हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लस्कर ने दम तोड़ दिया। उन्होंने देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। अस्पताल में मौजूद जवानों और अधिकारियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
Also Read : पटना पुलिस की बड़ी सफलता, बिहार चुनाव से पहले तस्करों को भारी मात्रा में हथियार के साथ पकड़ा
विधायक दशरथ गागराई पहुंचे अपोलो अस्पताल
सुरक्षा बलों पर हुए विस्फोट में घायल जवानों में एक नाम विधायक दशरथ गागराई के भाई का भी नाम शामिल है। घटना के बाद शनिवार को खरसंवा विधायक दशरथ गागराई अपने घायल भाई एएसआई रामचंद्र गागराई से मिलने राउरकेला स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि नक्सल हिंसा की यह घटना बेहद निंदनीय है और सरकार को इससे सख्ती से निपटना चाहिए। घायल जवानों का इलाज राउरकेला के अपोलो अस्पताल में जारी है।
महेंद्र लस्कर को दी जाएगी श्रद्धांजलि
सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल महेंद्र लस्कर को दी जाएगी श्रद्धांजलि, सीआरपीएफ 133वीं बटालियन कैंप परिसर में सीएम और राज्यपाल देंगे श्रद्धांजलि। शहीद के सम्मान में wreath laying ceremony का आयोजन अपराहण 03: 45 बजे किया गया है।



