ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संसद भवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही करीब 18 महीने से चल रही अंतरिम सरकार का कार्यकाल खत्म हो गया।
Highlights:
पहली बार बने प्रधानमंत्री
तारिक रहमान पहली बार बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं। करीब 17 साल तक लंदन में रहने के बाद वे दो महीने पहले ही बांग्लादेश लौटे थे। अब वे अगले पांच वर्षों तक प्रधानमंत्री पद संभालेंगे।
तारिक रहमान के साथ 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। 25 कैबिनेट मंत्रियों में से 17 नए चेहरे हैं और 24 राज्य मंत्रियों में सभी नए शामिल किए गए हैं। मंत्रिमंडल में एक हिंदू मंत्री को भी जगह दी गई है और खुद तारिक रहमान भी पहली बार मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं।
चुनाव में BNP को मिली बड़ी जीत
हाल ही में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 299 में से 209 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। सरकार बनाने के लिए जरूरी 150 सीटों का आंकड़ा पार्टी ने आसानी से पार कर लिया। इसके अलावा सहयोगी दलों ने भी 3 सीटों पर जीत दर्ज की। बांग्लादेश में यह बदलाव 18 महीने की अंतरिम सरकार के बाद आया है। नई सरकार से देश में आर्थिक सुधार, राजनीतिक स्थिरता और विकास की उम्मीद जताई जा रही है।


